प्रखर और सेरा बने अंडर 13 मध्य प्रदेश चैम्पियन
22/04/2019 -मध्य प्रदेश के कटनी में प्रदेश की अंडर 13 टीम का चयन किया गया । प्रतियोगिता में प्रखर बजाज और सेरा डगरिया नें क्रमशः बालक और बालिका वर्ग के खिताब अपने नाम किए । कटनी शतरंज संघ के द्वारा आयोजित और मध्य प्रदेश शतरंज संघ द्वारा अधिकृत इस प्रतियोगिता में चेसबेस इंडिया नें प्रमुख तकनीकी सहयोगी की भूमिका निभाई । 18 और 19 अप्रैल को कटनी के हीरगंज स्थित अग्रवाल धर्मशाला में टीम का चयन किया गया ।दोनों ही वर्गो में कड़ी प्रतिद्वंदीता देखने को मिली और कई रोमांचक मुक़ाबले खेले गए । मध्य प्रदेश में कटनी हमेशा से कई अंतर्राष्ट्रीय रेटिंग स्पर्धाए कराने को लेकर प्रसिद्ध रहा है और इस छोटे से शहर में अब तक 10 से ज्यादा फीडे रेटेड मुक़ाबले तो 1 राष्ट्रीय स्पर्धा भी आयोजित की जा चुकी है । शहर के ही एक स्कूल सायना इंटरनेशनल नें वर्ष 2016 में राष्ट्रीय स्कूल विजेता बनने का गौरव हासिल किया । तो मध्य प्रदेश के अकेले इंटरनेशनल मास्टर अक्षत खंपारिया ,फीडे मास्टर अनुज श्रीवात्रि ,विश्व स्कूल में भारत के लिए पदक जीतने वाले अंशुमन सिंह और आयुष पटनायक भी यही से आते है । और तो ओर भारत में हिन्दी में खेल की जानकारी देने वाली हमारी इकाई चेसबेस इंडिया हिन्दी का मुख्यालय यही पर है और हमारे हिन्दी प्रमुख भी इसी नगर से आते है ।