आंध्र प्रदेश के ग्रहेश बने नेशनल U-25 शतरंज विजेता
29/08/2018 -कहते है की अंत भला तो सब भला कुछ ऐसा ही हुआ आंध्र प्रदेश के वाई ग्रहेश के साथ जिन्होने अंतिम तीन राउंड मे अपने बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सम्पन्न हुई नेशनल अंडर 25 शतरंज चैंपियनशिप में विजेता बनते हुए भारत के नवीन अंडर 25 शतरंज चैम्पियन होने का गौरव हासिल कर लिया । वैसे तो वह पूरी प्रतियोगिता के दौरान अविजित रहे पर उनका असली प्रदर्शन सामने आया अंतिम तीन राउंड में जब उन्होने पहले 5 वे सीड बालकिशन को पराजित किया और उसके बाद अगले ही राउंड में शुरुआत से ही सबसे आगे चल रहे और खिताब के प्रबल दावेदार कर्नाटका के निरंजन नवलगुंड को पराजित करते हुए ठीक निर्णायक राउंड के पहले सारे समीकरण पलट दिये । हालांकि अंतिम राउंड में निरंजन नें जीत कर वापसी को कोशिश की और अंको के हिसाब से वह और ग्रहेश दोनों 7.5 अंक पर थे पर डायरेक्ट इन काउंटर मतलब सीधी जीत के कारण टाईब्रेक के आधार पर ग्रहेश के खिताब जीतने का रास्ता एकदम साफ था । खिलाड़ियों को मध्य प्रदेश शतरंज संघ के अध्यक्ष सुनील बंसल , सचिव कपिल सक्सेना और मुख्य निर्णायक अंबरीष जोशी नें पुरुष्कार प्रदान किए ।